झाँसी में अजय राय का बुलडोजर से स्वागत: प्रदेश अध्यक्ष के बयान से सियासी पारा हाई, बोले बबीना विधायक के घर कब चलेगा योगी का बुलडोजर
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के झाँसी आगमन पर रविवार को राजनीतिक तापमान अचानक बढ़ गया। प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत में झाँसी में अनोखा नजारा देखने को मिला, जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका बुलडोजर से पुष्प बरसा कर स्वागत किया। प्रदेश अध्यक्ष के बयान ने तुरंत ही राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी।
अजय राय बोले विधायक के घर कब चलेगा योगी का बुलडोजर
कार्यकर्ताओं के स्वागत के बाद मौजूद लोगों को संबोधित किया। अजय राय ने अपने भाषण वंदे भारत ट्रेन में हुई मारपीट की घटना पर यूपी सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने सीधे सवाल उठाते हुए कहा — "जब बीजेपी विधायक खुद वंदे भारत ट्रेन में यात्रियों से मारपीट कर रहे हैं तो क्या झाँसी में ज़मीनें नहीं हड़पी होंगी? अब जनता पूछ रही है, उस विधायक के घर पर कब चलेगा योगी का बुलडोजर?"
प्रशासनिक तंत्र सरकार की दबाव में कर रहा काम
अजय राय ने वंदे भारत मारपीट कांड को लेकर सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि, "योगी सरकार में गुंडई चरम पर है। एक तरफ फर्जी एनकाउंटर की बाढ़ आई हुई है, दूसरी तरफ सत्ताधारी पार्टी के ही बबीना विधायक विधायक राजीव सिंह आम नागरिकों से मारपीट कर रहे हैं। ऐसे में कानून-व्यवस्था की सच्चाई खुद बयां हो रही है।"
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज जब एक आम नागरिक से ट्रेन में सफर करना भी असुरक्षित हो गया है, तब सवाल उठता है कि ये किस 'अमृतकाल' की बात की जा रही है? उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रशासनिक तंत्र पूरी तरह सरकार के इशारे पर काम कर रहा है और आम लोगों की आवाज को दबाया जा रहा है।
कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने पहुंचे थे- अजय राय
अजय राय झाँसी में पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात और आगामी चुनावी रणनीति पर चर्चा करने के लिए पहुंचे थे। उनका काफिला शहर के विभिन्न इलाकों से होते हुए कांग्रेस के NSUI राष्ट्रीय सचिव नावेद खान के घर पहुँचा था, जहां भारी संख्या में कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। वहीं भाषण देते हुए उन्होंने सरकार की नीतियों और कानून व्यवस्था पर तीखा प्रहार किया। इसके बाद वह अगले कार्यक्रम के लिए रवाना हो गए।
मुख्यालय से अखिलेश ने दागा था सवाल
गौरतलब हो कि सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने पार्टी मुख्यालय से वंदे भारत ट्रेन में हुई यात्री के साथ मारपीट मामले में प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया था उन्होंने प्रदेश में लायन आर्डर को ध्वस्त करार दिया था, और विधायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।