दतिया न्यूज़ | दतिया जिले में प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल हुआ है। जिले के कलेक्टर संदीप कुमार माकिन के सेवानिवृत्त होने के बाद जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) अक्षय कुमार तेम्रवाल को दतिया कलेक्टर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
शनिवार देर शाम सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश में यह जानकारी दी गई कि 2018 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी अक्षय कुमार तेम्रवाल को यह नई जिम्मेदारी अस्थायी रूप से दी गई है। वे अपने वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ कलेक्टर के पद का कार्य भी संभालेंगे।
यह कार्यभार तब तक प्रभावी रहेगा जब तक राज्य शासन द्वारा किसी स्थायी कलेक्टर की नियुक्ति नहीं कर दी जाती। उल्लेखनीय है कि तेम्रवाल पहले से ही जिले में पंचायत एवं ग्रामीण विकास संबंधी कई योजनाओं का सफल संचालन कर रहे हैं और एक कर्मठ अधिकारी के रूप में पहचान रखते हैं।
इस प्रशासनिक बदलाव के बाद जिले की विकास योजनाओं, प्रशासनिक निगरानी और आमजन से जुड़ी सरकारी पहलों में निरंतरता बनी रहेगी। स्थानीय प्रशासनिक हलकों में तेम्रवाल की नियुक्ति को एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।
👉 ताजा ख़बरों के लिए व्हाट्सअप ग्रुप से जुड़ें
(रोहित राजवैद्य की रिपोर्ट) Bundelivarta.com